रीवा . शनिवार को रीवा लोकायुक्त पुलिस ने एक और रिश्वतखोर को पकड़ा है। इस बार गिरफ्त में एक विद्यालय का प्रचार्य आया है। जो अपने ही स्कूल के शिक्षक से एरियर का भुगतान कराने के लिए रुपए मांग रहा था। लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार की घूंस लेते हुए शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य कमलेश तिवारी को रंगे हांथो पकड़ा है। लोकायुक्त पुलिस ने यह कार्रवाई विद्यालय परिसर स्थित प्राचार्य कक्ष में शनिवार की सुबह की। पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालगांव में पदस्थ शिक्षक अशोक सिंह बघेल ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि प्राचार्य द्वारा एरियर भुगतान के लिए 30 हजार की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिक्षक ने पूर्व में ही 5 हजार रुपए प्राचार्य को दे दिए गए थे। शेष 25 हजार रुपए के लिए प्राचार्य द्वारा लगातार शिक्षक पर दबाव बनाया जा रहा था। शिक्षक ने बताया कि बिना रिश्वत के प्राचार्य एरियर की राशि का भुगतान करने को राजी ही नहीं हो रहा था।
शिक्षक द्वारा की गई शिकायत की जांच
प्राचार्य के खिलाफ शिक्षक द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की जांच के उपरांत, पहले लोकायुक्त पुलिस द्वारा अपने स्तर पर जांच की गई। आरोप सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को प्राचार्य कक्ष में दबिश देते हुए प्राचार्य को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक जियाउल हक और अन्य टीम द्वारा की गई।