MP Politics: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर आरोप लगाए। दरअसल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार 18 अगस्त को राजधानी भोपाल में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर कथित घोटालों का आरोप लगाया। दूसरी तरफ कमलनाथ के आरोपों के बाद बाजपा भी इसका जवाब देने से पीछे नहीं रही। बता दें कि कुछ ही घंटे बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी पत्रकार वार्ता आयोजित कर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। इस बीच अब शनिवर 19 अगस्त को प्रदेश के सीएम शिवराज को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने एक ट्वीट किया है।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घोटालों पर जनता से माफी मांगने की बात कही। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने शिवराज सरकार के 18 वर्ष के सैकड़ों घोटालों की सूची जनता के सामने रख दी है। आगे उन्होंने कहा कि मैं सीएम से आशा करता हूं कि वह एक-एक घोटाले के बारे में जनता से माफी मांगे। पूर्व सीएम ने अपने ट्वीट में सीएम शिवराज सहित सहित सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने की बात कही। अंत में कमलनाथ ने कहा कि घोटालो में जो लाखों करोड़ रूपया उड़ाया गया वह मध्य प्रदेश की सम्मानित जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर भाजपा पर तंज कसते हुए एक कहावत के बारे में कहा। कमलनाथ ने कहा मुख्यमंत्री जिस तरह घोटालों का जवाब देने के बजाय खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली कहावत पर काम कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां तक कह दिया कि वह लोकतंत्र के हित में नहीं है। पूर्व सीएम ने कहा कि यह घोटाले नहीं शिवराज जी की असली सीखो कमाओ योजना है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने सीएम शिवराज सिंह पर आरोप लगाया और कहा कि शिवराज जी खुद भ्रष्टाचार करते हैं और दूसरों को घोटालों से कमाना सिखाते हैं।
कमलनाथ का आरोप, जानिए पूरी जानकारी
बता दें कि कमलनाथ ने पत्रकार वार्ता में प्रदेश सरकार पर कई घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर कमलनाथ ने बीजेपी सरकार 15000 करोड़ रुपए का पोषण आहार घोटाला , 600 करोड़ रुपए का गणवेश घोटाला, 2000 करोड़ रुपए का सर्व शिक्षा अभियान घोटाला, 12000 करोड़ रुपए का मिड-डे मील घोटाला, 9500 करोड़ रुपए का आंगनबाड़ी नल जल घोटाला, 2000 करोड़ रुपए का व्यापम महा घोटाला, 2000 करोड़ रुपए का नर्सिंग घोटाला, 10,000 करोड़ का जल जीवन मिशन, 3000 करोड़ रुपए का कौशल घोटाला, 2500 करोड़ रुपए का पैरामेडिकल छात्रवृत्ति घोटाला, 94000 करोड़ का बिजली घोटाला और 50,000 करोड़ रुपए का चेक पोस्ट घोटाला, नर्सिंग कॉलेज घोटाला, 86000 करोड़ रुपए का शराब घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया है।
भाजपा का पलटवार, जानिए
पूर्व सीएम कमलनाथ के आरोपों के बाद भाजपा ने पलटवार कर जवाब दिया। दरअसल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी एक पत्रकार वार्ता आयोजित करवाया जिसमें प्रदेश की पूर्व कमलनाथ सरकार पर 15 महीने के कार्यकाल में कई घोटालों में संलिप्त होने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं वीडी शर्मा ने कमलनाथ को कमीशन नाथ का नाम दे दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया कि 7 सिंचाई परियोजनाओं में 877 करोड़ रुपए का घोटाला, 15 महीने की सरकार में प्रदेश के 2 लाख हितग्राहियों को पीएम आवास नहीं देने का घोटाला और दीनदयाल अंत्योदय योजना बंद करने का घोटाला और संबल योजना बंद करने का आरोप लगाया।