मैहर में 11 साल की बालिका से सामूहिक दुष्कर्म और उसके साथ दरिंगदी करने वाले दोनों आरोपियों को शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश कर 10 अगस्त के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपियों के बारे में पुलिस को पता चला है कि दोनों नशे और मोबाइल पर अश्लील सामग्री देखने के आदी हैं। आरोपी रवींद्र कुमार रवि और अतुल बढा़ेलिया की हरकतों से समिति के पदाधिकारी भी अंजान थे।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पिता नहीं हैं। परिवार गरीबी से बेहाल है। दो बच्चियों और खुद के भरण पोषण के लिए मां वहीं मंदिर परिसर में छोटी दुकान लगाती है। दुकान में बच्चियां भी मां के साथ रहती थीं। परिसर में ही दोनों बहनें अक्सर भीख मांगने दुकान से दूर चली जाती थीं। आरोपी करीब एक साल से बालिका और उसके परिवार को जानते हैं। गुरुवार को भी दोपहर से गायब बालिका जब देर शाम तक नहीं लौटी तो उसकी मां को लगा कि परिसर में ही कहीं घूम रही होगी। वह फुटपाथ से दुकान समेट घर गई थी।
अस्पताल में हंगामा
शुक्रवार सुबह खून से लथपथ मिली बच्ची के पूरे शरीर पर चोट के निशान देख दरिंदगी का पता चला। बालिका को उसके परिजन तत्काल सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे। वारदात का पता चलते ही लोग आक्रोशित हो उठे और अस्पताल के बाहर जमा होकर हंगामा कर दिया। सूचना पर एसडीएम सुरेश जादव, एसडीओपी लोकेश डाबर सहित मैहर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची।
प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि बेटी के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए : CM Shivraj Singh Chouhan
मैहर में बेटी के साथ दुष्कर्म की जानकारी मिली है, मन पीड़ा से भरा हुआ है, व्यथित हूं।
मैंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कोई भी अपराधी बचना नहीं चाहिए
पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है ।प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि बेटी के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए ।
कोई भी…
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 28, 2023
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता से घटना के बारे में जानकारी आरोपी रवींद्र कुमार रवि पिता बिहारीलाल व अतुल बढ़ोलिया पिता सुरेश को दबोच लिया। दोनों के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप, मारपीट सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं एसपी आशुतोष गुप्ता और फोरेसिंक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।
आरोपियों के घरों पर चलेगा बुलडोजर
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों के घरों के अवैध निर्माण की जानकारी राजस्व और नगर पालिका अमले ने लेनी शुरू कर दी है। जो अवैध निर्माण पाया गया है उसे लेकर संबंधितों को नोटिस जारी किया जा चुका है। माना जा रहा है कि अगले दिनों में इनके अवैध निर्माण ढहा दिए जाएंगे। एक आरोपी का तो पूरा घर सरकारी जमीन पर होना बताया जा रहा है तो दूसरे का निर्माण अवैध पाया गया है।
पीड़िता को देखने अस्तपाल पहुंचे एडीजी-डीआईजी
पीड़िता की हालत की जानकारी लेने रीवा के एडीजीपी केपी वेंकटेश्वर राव, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला मेडिकल कॉलेज पहुंचे।पीड़िता का इलाज कर रहे चिकित्सकों के से पीड़िता का हाल जाना। डॉक्टरों को पीड़िता को सारी सुविधा मुहैया कराने की बात कही। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह भी मौजूद रहे।
पीड़िता को मैहर से टीआइ अनिमेश द्विवेदी की निगरानी में दोपहर में संजय गांधी अस्पताल रीवा ले जाया गया। वहां उसके उपचार के लिए डॉक्टरों की टीम बनाई गई है। दुष्कर्म की शिकार बच्ची का मेडिकल कॉलेज में गहन इलाज हो रहा है। बताया गया है कि पीड़िता की बच्चेदानी को क्षति पहुंची है। इन्टरनल ब्लीडिंग को देखते हुए ऑपरेशन किया गया है। ऑपरेशन सफल रहा है। लेकिन अभी संक्रमण की आशंका बनी हुई है। हालत स्थिर है। शनिवार की सुबह परीक्षण के बाद आगे के निर्णय लिए जाएंगे। अगर स्थिति में सुधार नहीं होता है तो वरिष्ठ चिकित्सा संस्थान में भी रेफर किया जा सकता है।
रेडक्रास से मदद: पीड़िता के पिता नहीं हैं। आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। लिहाजा, परिजनों को तात्कालिक मदद के लिए रेडक्रास से 50 हजार रुपए की मदद की है। यह राशि तहसीलदार मैहर जीतेन्द्र पटेल ने रीवा जाकर पीड़िता की मां को प्रदान किए हैं।
कमलनाथ ने ट्वीट कर सरकार पर साधा निशाना
वारदात पर कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि मैहर में छोटी बच्ची के साथ निर्भया कांड की तरह अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात सामने आ रही है। प्रदेश में आए दिन बच्चियों के साथ अत्याचार की घटनाओं ने साबित कर दिया है कि शिवराज सरकार बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम को चुकी है। बेटी का बेहतर उपचार कराकर एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए।
बालिका से दुष्कर्म की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दुष्कर्म के बाद आरोपी बालिका को जंगल में ही छोडकऱ भाग गए। सुबह वह घायल अवस्था में मिली। बेहतर उपचार के लिए रीवा भेजा गया है।
आशुतोष गुप्ता, एसपी
2 जुलाई 2018 को परसमनिया पठार पठार में अतिथि शिक्षक ने 4 साल की बालिका को आधी रात घर से अगवा कर जंगल में दुष्कर्म किया था। उसे दिल्ली एअरलिफ्ट कर इलाज कराया। गत वर्ष 17 नवंबर को सभापुर क्षेत्र में दरिंदे ने पड़ोस की 7 वर्ष की मासूम बालिका को 15 किमी दूर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म के बाद गला घोंट दिया था। 10 दिन बाद कंकाल मिला था। 22 अप्रेल को कटनी रोड स्थित गांव में 4 वर्षीय मासूम के साथ बगीचे में दुष्कर्म हुआ था। प्रशासन ने तीन दिन बाद आरोपी सोनू कुशवाहा के मकान में बुल्डोजर चलाया था। 1 फरवरी को मैहर क्षेत्र में ही नाबालिग आरोपी ने लालच देकर छह वर्ष की बालिका से दुष्कर्म किया था। आरोपी के पिता के मकान पर प्रशासन ने बुल्डोजर चलाया था।