Home राष्ट्रीय मध्य प्रदेश

छत्तीसगढ़ खेल IPL Updates बिजनेस ऑटोमोबाइल टैकनोलजी मनोरंजन #Trending Web Stories
Follow On WhatsApp
Follow On Telegram

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का नारा तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ

By Surendra Tiwari

Published on:

---Advertisement---

लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन इंडिया की रामलीला मैदान में आज महारैली हुई। महारैली में विपक्षी गठबंधन का नारा तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ रहा। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार, पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

  • पीएम मोदी मैच फिक्सिंग करके जीतना चाह रहे चुनावः राहुल गांधी

वहीं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी रामलीला मैदान पहुंचीं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आजकल आईपीएल के मैच चल रहे हैं। हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है। हमारी टीम में से मैच शुरू होने से पहले दो खिलाड़ियों को गिरफ्तार करके अंदर कर दिया गया। पीएम मोदी इस चुनाव में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। ये जो उनका 400 पार का नारा है, वो बिना मैच फिक्सिंग के 80 पार नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है।

हमारे सभी बैंक अकाउंट बंद कर दिए गए हैं। चुनाव के बीच में देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के बैंक अकाउंट बंद कर दिए। हमारे सारे संसाधनों को बंद कर दिया गया। ये कैसा चुनाव हो रहा है? नेताओं को जेल में डाला जाता है। ये मैच फिक्सिंग पीएम मोदी और हिंदुस्तान के तीन-चार सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान के संविधान को हिंदुस्तान की गरीब जनता के हाथ से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है।

जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये हिंदुस्तान नहीं बचेगा। ये जो संविधान है हिंदुस्तान की जनता की आवाज है। यही इनका (भाजपा) लक्ष्य है। ये सोचते हैं कि धमकाकर और डराकर पुलिस, सीबीआई, ईडी, आईटी के साथ देश चलाया जा सकता है। आप हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकते हो। इस आवाज को कोई नहीं दबा सकता। ये लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है।

प्रियंका गांधी ने कहा- वे कर्मकांड में उलझ गए हैं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आज जो सत्ता में हैं, वे अपने आपको राम भक्त कहते हैं। मुझे लगता है कि वे कर्मकांड में उलझ गए हैं। भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े तो उनके पास सत्ता नहीं थी, उनके पास संसाधन नहीं थे, उनके पास तो रथ भी नहीं था। मैं प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि सत्ता सदैव नहीं रहती। सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है।

लोकतंत्र को बचाना हमारी जिम्मेदारीः शरद पवार
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के सीएम व झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। लोकतंत्र और संविधान को बचाना हमारी जिम्मेदारी है।

संवैधानिक मूल्यों को तहस- नहस कियाः कल्पना सोरेन
पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि आज संविधान से प्राप्त गारंटियां को एनडीए सरकार द्वारा खत्म किया जा रहा है। इन्होंने हमारे संवैधानिक मूल्यों को तहस-नहस किया है। जनता को अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा।

आपके केजरीवाल शेर हैं: सुनीता
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया। क्या प्रधानमंत्री ने यह सही किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए? आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि आप सब इंडिया गठबंधन को मौका देते हैं तो हम सब मिलकर महान राष्ट्र का निर्माण करेंगे।

आप नेता से आपको घबराहट किस बात की है: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वाले अगर 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? उन्होंने कहा कि आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। इंडी, सीबीआई से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।

देश में अघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है: तेजस्वी
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि वे (भाजपा) लोग 400 पार का नारा लगा रहे हैं तो ऐसा लग रहा है कि पहले से ही ईवीएम सेटिंग हो चुकी है। देश में अघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई नौकरी नहीं दी, सब कुछ का निजीकरण कर दिया।

हम सब संविधान को बचाएं: फारूक अब्दुल्ला
एनसी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि आज हमारा मकसद सिर्फ एक है कि हम सब संविधान को बचाएं। वो सब नेता जिन्हें आज जेल में बंद कर दिया गया है। चुनाव में आपको वोट देना होगा। आप उस बटन का दबाइएगा, जो इस हुकूमत को हराएगा।

हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होताः भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, देश का लोकतंत्र खतरे में है। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। ये (भाजपा) क्या समझते हैं, इसको भी अंदर खत्म कर दी, उसको भी अंदर कर दो, ये नेता फ्रीज कर दो, क्या आप ऐसे जीत जाएंगे? हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता है।

ये ऊर्जा लोकतंत्र को जीत दिलाएगीः सीताराम येचुरी
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि भारत की राजनीति में एक नई ऊर्जा आज पैदा हुई है, जो यहां मौजूद है। ये ऊर्जा भारत के संविधान और लोकतंत्र को जीत दिलाएगी और तानाशाही की ताकतों को हरवाएगा।

साझा संकल्प की घोषणा करती है पार्टीः डी. राजा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आप सभी के साथ मिलकर भारत, संविधान और लोकतंत्र को बचाने और भाजपा को हराने के लिए हमारे साझा संकल्प की घोषणा करती है। हम अपनी सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करते हैं।

---Advertisement---