MP में पर्याप्त खादः भ्रम फैला रहे लोगों से हम सख्ती से निपटेंगे, कोई गड़बड़ करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी: मुख्यमंत्री
MP में पर्याप्त खादः भ्रम फैला रहे लोगों से हम सख्ती से निपटेंगे, कोई गड़बड़ करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी: मुख्यमंत्री
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को आसानी से खाद मिले। वितरण केंद्र के पास टेंट, बैठक व्यवस्था और पेयजल का प्रबंध रहे। उपलब्धता के बावजूदवितरण व्यवस्था की किसी कमी के कारण किसान को परेशानी नहीं आना चाहिए। किसान को लाइन न लगाना पड़े, उसका समय और ऊर्जा जाया न हो, इसके लिए कलेक्टर्स पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में खाद की कमी नहीं है, न ही आने वाले समय में कमी रहेगी। वे नियमित रूप से केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री मनसुख मंडाविया से सम्पर्क में हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को सदैव आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध करवाने का कार्य किया है।
|
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से वीसी द्वारा खाद वितरण समस्या वाले कुछ जिलों के कलेक्टर्स से चर्चा कर रहे थे। कृषि मंत्री कमल पटेल, राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव किसान कल्याण तथा कृषि विकास अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी और प्रमुख सचिव जनसम्पर्क राघवेंद्र कुमार सिंह उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के कलेक्टर्स को प्रमुख निर्देश
01. किसी भी जिले में किसानों को लाइन न लगानी पड़े।
02. जिलों में खाद वितरण सुचारू रहे, जहाँ आवश्यक हो विकेंद्रीकरण किया जाए।
03. किसानों को अधिक दूरी से खाद लेने न आना पड़े।
04. आवश्यक हो तो अतिरिक्त अमला इस कार्य में लगाएँ।
05. वितरण केंद्रों पर पीने के पानी का प्रबंध भी रहे।
06. आवश्यक हो तो वितरण के लिए अतिरिक्त केंद्र शुरू करें।